आईवाईसी की घोषणा

संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 19 जून, 2024 को पारित प्रस्ताव के माध्यम से वर्ष 2025 को “अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष” (International Year of Cooperatives) घोषित किया गया। इस वर्ष की थीम “Cooperatives Build a Better World” (सहकारी समितियां एक बेहतर विश्व का निर्माण करती है) निर्धारित की गई। इस घोषणा ने सहकारी संस्थाओं की भूमिका को सामाजिक समावेशन, गरीबी उन्मूलन और सतत आर्थिक विकास के सशक्त साधन के रूप में मान्यता प्रदान की। महासभा ने सभी सदस्य देशों, अंतर्राष्ट्रीय संगठनों और सहकारी हितधारकों से आग्रह किया कि वे इस अवसर का उपयोग सहकारी मॉडल को सुदृढ़ और प्रसारित करने के लिए करें। अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 वैश्विक सहकारी आंदोलन के इतिहास में एक मील का पत्थर है। इसका औपचारिक उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा ICA वैश्विक सहकारी सम्मेलन में किया गया, जिससे भारत ने विश्व स्तर पर सहयोग और एकजुटता के इस नए अध्याय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर IYC–2025 के स्मारक डाक टिकट का विमोचन भी किया गया, जो भारत की सहकारी भावना और वैश्विक नेतृत्व का प्रतीक है। भारत के लिए IYC–2025 एक ऐसे दौर का प्रतीक है जिसमें सहकारी सुधारों, नवोन्मेषी नीतियों तथा अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। सहकारिता मंत्रालय की स्थापना (2021) के पश्चात यह वर्ष भारतीय सहकारी आंदोलन की वैश्विक पहचान और प्रभावशीलता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने वाला सिद्ध हो रहा है। यह भारत की उस अटूट आस्था को अभिव्यक्त करता है जो “सहकार से समृद्धि” के मूलमंत्र में निहित है।